ढाबे पर फायरिंग करने के आरोपी को पकड़ते लोग। वीडियोग्रैब
आगरा। थाना शाहगंज के अर्जुन नगर में एक ढाबे पर शुक्रवार रात तीन युवकों में से एक ने दबंगई में मारपीट की। इसके बाद फायरिंग कर दहशत फैला दी। मौजूद लोग जान बचाकर भागे। ढाबा संचालक ने पैर में गोली लगने से घायल होने के बाद भी हिम्मत दिखाते हुए फायरिंग करने वाले को जमीन पर गिरा लिया। बाद में लोगाें के जुटने पर आरोपी से पिस्टल छीनने के बाद पकड़ लिया। दो आरोपी मौके से भाग गए।
अर्जुन नगर तिराहे पर जब्बार उस्मानी का चाचा ढाबा है। उन्होंने बताया कि रात तकरीबन 12 बजे 3 युवक खाना खाने आए थे। कुछ देर बाद 3 युवक और आ गए। उनका पहले से बैठे युवकों से विवाद हो गया। तभी एक युवक ने पिस्टल निकाल ली। वह ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। इससे ढाबे पर मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। वह युवकों को पकड़ने के लिए पहुंच गए।
ढाबे के बाहर भी लोग जुट गए। इसके बावजूद युवक फायरिंग करता रहा। इससे सभी लोग दहशत में आ गए। इसी बीच एक गोली जब्बार के पैर में लग गई। वह घायल हो गए। सूचना पर सराय ख्वाजा चौकी से पुलिस आ गई। पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। घायल का मेडिकल कराया गया।
पुलिस ने दबिश देकर हमलावर के एक और साथी को पकड़ लिया है। तीसरे की तलाश में टीम लगी है। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।