आगरा। जूनियर टेलेंट क्रिकेट लीग में बुधवार को देव की घातक गेंदबाजी और कप्तान अर्पित के शानदार अर्धशतक से अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी ने आरएस क्रिकेट एकेडमी को 9 विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
सिकंदरा में मरियम टॉम्ब के निकट स्थित डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट मैदान पर खेली जा रही लीग बुधवार को टॉस आरएस क्रिकेट एकेडमी ने जीता और पहले बल्लेबाजी की। टीम निर्धारित 30 ओवर के मैच में 24.4 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 89 रन ही बना सकी। एलेश ने सबसे अधिक 14 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज अजीत सिंह एकेडमी की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके। अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी की ओर से देव सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में महज 9 रन देकर 3 विकेट झटके। श्रेष्ठ ने 2 विकेट और आरडी यादव, जतिन, अर्जुन और यशुम ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी ने मात्र 9.2 ओवर में 1 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। कप्तान अर्पित ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। वहीं देव सिंह ने भी 15 रन का योगदान दिया। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए देव सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार संजय पुंडीर ने प्रदान किया गया। वहीं सोहन को डिफेंडर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। मैच का टॉस डॉ. अरुण चतुर्वेदी और डॉ. वीपी सिंह ने कराया। मुकाबले में अंपायर की भूमिका शम्मी अली और विजय बघेल ने निभाई। कमेंट्री देव पांडे ने की। इस दौरान डॉ. अजीत सिंह, हरवीर सिंह बंटी, डॉ. राजीव पचौरी, डीडी सिंह, जावेद शमीम, हरीश बिष्ट, जेपी माथुर और अंकित आदि उपस्थित रहे।