भक्तजनों ने की गौरी पुत्र गणेश की आराधना
- सुबह शाम आरती में शामिल होकर भक्त कर रहे पूजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरीबेवरभोगांव कुसमरा। जिले भर में गणेश महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। गौरी पुण गणेश के भजनों की धुन सुबह से लेकर देर रात तक जिले में गूंज रही है। बुधवार को गणेश पंडालों और घरों में पूजा अर्चना के दौरान गणपति के भजनों पर भक्त झूमते हुए नजर आए। ग्रामीण अंचल में भी पूजा पाठ चलता रहा।
शहर के देवी रोड, आगरा रोड, बाईपास रोड स्थित पंडालों में सुबह शाम आरती का आयोजन हुआ। ग्रामीण अंचल में भी गणेश महोत्सव पर भक्तों को गणपति की भक्ति में डूबे हुए देखा गया। कस्बा बेवर के बड़े मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। यहां रवि दीक्षित ने मंत्रोच्चार से बिधिवत हवन पूजन कराया। कुसमरा की बैंक ऑफ इंडिया के सामने आयोजित गणेश महोत्सव के पंडाल में श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन आचार्य ताराचंद्र शास्त्री ने कहा कि यदि संसार में कुछ है तो वह है भागवत कथा श्रवण। भागवत कथा के अलावा संसार में मोक्ष के लिए दूसरा कोई साधन नहीं है।
किशनी में युवाओं द्वारा शिवेंद्र पैलेस पर गणेश जी की मूर्ति को विराजमान किया गया। आचार्य रजनी कांत तिवारी ने विधि विधान से पूजा कराई। नगर में जगह जगह पुष्प वर्षा कर नगर वासियों ने गणेश प्रतिमा की आरती उतारी। युवाओं ने गणपति बाबा मोरया के उदघोष भी किए। भक्तों ने गणेश भगवान की आरती में भाग लिया।