आगरा। रायपुर रहनकलां में प्रस्तावित ग्रेटर आगरा आवासीय योजना अब धरातल पर उतरेगी। आगरा विकास प्राधिकरण ने योजना के पहले चरण के तहत सिंधुपुरम और यमुनापुरम टाउनशिप में एक करोड़ रुपये के आंतरिक विकास कार्यों के लिए रविवार को टेंडर आमंत्रित किए।
इनर रिंग रोड और लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किनारे 400 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बसने वाला ग्रेटर आगरा आधुनिक शहर की नई तस्वीर बनेगा। इसमें 4000 से अधिक भूखंड होंगे। इसके साथ ही अपार्टमेंट भी बनेंगे। फिलहाल एडीए एक करोड़ से आंतरिक विकास कार्यों की शुरुआत कराएगा। सिंधु और यमुनापुरम में सुविधाओं का जाल बिछाया जाएगा।
9 मार्च को दोपहर 2 बजे एडीए उपाध्यक्ष कार्यालय में टेंडर खुलेंगे। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुनमोली के अनुसार ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले सिंधुपुरम और यमुनापुरम टाउनशिप पर काम शुरू होगा। इन दोनों क्षेत्रों के आंतरिक विकास सड़क, नाली और जल निकासी पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। आधुनिकता को ध्यान में रखते हुए यहां डक्ट सिस्टम का उपयोग होगा जिससे भविष्य में केबल या पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को बार-बार खोदना न पड़े। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे।
नदियों के नाम पर बसेंगी 10 टाउनशिप
ग्रेटर आगरा में 10 छोटी टाउनशिप होंगी जिनके नाम प्रमुख भारतीय नदियों के नाम पर रखे गए हैं। प्रथम चरण में सिंधुपुरम और यमुनापुरम का विकास होगा। फिर गंगा, सरस्वती, नर्मदा, कावेरी, गोदावरी, झेलम, चिनाब और कृष्णा नदियों के नाम पर टाउनशिप विकसित होंगी। कई चरणों में योजना पूरी होगी। इसके विकसित होने से पुराने आगरा के घने क्षेत्रों पर दबाव कम होगा।
न्यू आगरा अर्बन सेंटर से नोएडा से बड़ा शहर हो जाएगा आगरा
नोएडा से मथुरा, आगरा तक यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे 14000 हेक्टेयर में 2041 तक बसने वाले न्यू आगरा अर्बन सेंटर से आगरा नोएडा से भी बड़े शहर के रूप में विकसित हो सकता है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इसका ब्लू प्रिंट भी पेश किया है। लखनऊ एक्सप्रेस-वे और इनर रिंग रोड की कनेक्टिविटी और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण भविष्य में आगरा में लॉजिस्टिक्स, कमर्शियल हब और सर्विस सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल रोजगार के अवसर पैदा होंगे, बल्कि आगरा की जीडीपी में भी बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
अटलपुरम में लॉटरी से बिक रहे भूखंड
ग्वालियर हाईवे स्थित ककुआ भांडई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगस्त 2025 को एडीए की अटलपुरम टाउनशिप लॉन्च की थी। 138 हेक्टेयर में आठ चरणों में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में लॉटरी से भूखंड बिक रहे हैं। 29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर आवासीय भूखंड का रेट है। 500 से अधिक भूखंड बिक चुके हैं। सभी प्रकार के करीब 1400 भूखंड हैं।