एटा। खाद्य निरीक्षक द्वारा जलेसर तहसील क्षेत्र से 20 दिसंबर को दूध का सैंपल लिया गया था। जहां लखनऊ से आई रिपोर्ट में दूध में डिटर्जेंट की मिलावट मिली है। वहीं मारहरा ब्लॉक के गांव ओरनी से लिया दूध का सैंपल भी फेल हुआ है। जहां रिपोर्ट में अनसेफ का हवाला दिया गया है।
खाद्य निरीक्षक अनिल यादव ने बताया 20 दिसंबर को अवागढ़ जलेसर मार्ग पर फिरोजाबाद जनपद के गांव नगला भिकिया निवासी दूधिया से खाद्य निरीक्षक मालती द्वारा दूध का सैंपल लिया गया था।
सैंपल को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया। जहां दूध में डिटर्जेंट होने की पुष्टि हुई। विभाग द्वारा दूधिया को नोटिस भेजा जा रहा है। वहीं मारहरा ब्लॉक के गांव ओरनी निवासी एक दूधिया से 23 दिसबंर को खाद्य निरीक्षक अनिल द्वारा सैंपल लिया गया था। बुधवार को उसकी भी रिपोर्ट अनसेफ की आई है। उन्होंने बताया दोनों दूधिया पर रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की जाएगी।