अमृत योजना के कार्य तय समय में पूरा करें
डिप्टी सीएम ने गोआश्रय स्थलों के लिए समय पर धनराशि जारी करने, कायाकल्प के तहत बने स्कूलों का निरीक्षण, शिक्षकों की शतप्रति उपस्थिति, अस्पतालों में दवा खत्म होने से पहले मांग पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में स्मार्ट सिटी के सीईओ व नगरायुक्त निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि 19 कार्यों में 16 कार्य हो चुके हैं। डिप्टी सीएम ने निर्देश दिए कि अमृत योजना के कार्यों का समय सीमा में किया जाए।
बैठक में नगरायुक्त ने बताया कि 10 हजार बंदरों को पकड़ने के लिए एजेंसी से करार हो गया है। वन विभाग से अनुमति का इंतजार है। अमृत सरोवर के तहत तालाबों की खोदाई, रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति, कम्प्यूटरयुक्त सचिवालय भवनों का निर्माण, कन्या सुमंगला, स्वच्छता मिशन, बच्चों को पुष्टाहार वितरण में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
लूट व हत्याओं पर किया है वर्कआउट
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़नी चाहिए। बीट स्तर पर पुलिस सक्रिय रहे। सड़कों पर जाम न लगे। वाहन खड़े न हों। अवैध पार्किंग न होने दी जाएं। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने डिप्टी सीएम को बताया कि हाल ही में शहर में हुई हत्या व लूट की घटनाओं पर वर्कआउट किया है।
कहीं प्रेस तो नहीं बैठी यहां...
प्रभारी मंत्री व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की बैठक में मीडिया कर्मी मौजूद थे। डिप्टी सीएम डीएम को ड्यूटी बता रहे थे। तभी अचानक उन्होंने पूछा, कहीं प्रेस तो नहीं बैठी है...। जवाब मिला, कुछ प्रेस के लोग मौजूद हैं। फिर डिप्टी सीएम ने मीडिया कर्मियों से कहा, मैं बाहर आने के बाद आपको अंदर जो कुछ होगा वह सब बता दूंगा। कृपया आप बाहर इंतजार कर लीजिए।