जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में संक्रामक बीमारियां थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। डेंगू के साथ ही वायरल बुखार के मरीजों की लगातार संख्या बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल में जहां जांच में तीन मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं, वहीं वायरल बुखार से पीड़ित अधेड़ की मौत हो गई। जिले में बढ़ रहे डेंगू के मरीजों को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
नगर के मोहल्ला भोजपुरा निवासी 34 वर्षीय नवलकिशोर पुत्र गंगादास को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां जांच में उसमें डेंगू के लक्षण मिले। उन्हें मिनी पीजीआई सैफई के लिए रेफर कर दिया गया है।
वहीं, कुरावली के गांव सुरजनपुर निवासी श्यामा देवी पत्नी जयश्रीराम और गांव गढ़िया निवासी 40 वर्षीय रजनेश मिश्रा को भी पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। जांच में दोनों को डेंगू के लक्षण मिले हैं। उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, शहर के निकट स्थित गांव शिवसिंहपुर निवासी हरदेव सिंह के 50 वर्षीय पुत्र उर्वेश को पिछले कुछ दिनों से वायरल बुखार आ रहा था। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में बुधवार की सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अब तक 11 मरीजों की हो चुकी है मौत
जिले में डेंगू से हो रही मरीजों की मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बाद अब मुख्यमंत्री कार्यालय से भी जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से आए पत्र में कहा गया है कि जिले में संचारी रोगों के बचाव के लिए अब तक क्या उपाय किए गए। डेंगू और अन्य संचारी रोगों से अब तक कितने मरीजों की मौत हुई। जिले में डेंगू से अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 70 से अधिक मरीज में डेंगू के लक्षण मिले हैं।