08एमएनपी-39-जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर लगी मरीजों की लंबी लाइन
- फोटो : MAINPURI
ेमैनपुरी/ घिरोर/ कुरावली। वृहस्पतिवार की रात कुरावली में डेंगू से पीड़ित एक युवक की मौत हो गई। वहीं घिरोर क्षेत्र में पूर्व ग्राम पंचायत अधिकारी की पत्नी को डेंगू से पीड़ित होने पर एम्स में भर्ती कराया गया है।
कुरावली क्षेत्र के ग्राम ज्योंलि झिंगरपुर निवासी बेंचेलाल (35) बुधवार को बुखार आया था। परिजनों ने निजी पैथॉलॉजी पर उसकी जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। परिजन गुरुवार की रात बेंचेलाल को सैफई ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं घिरोर के गांव नगला किसी निवासी पूर्व ग्राम पंचायत अधिकारी सियाराम की पत्नी मीना देवी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। यहां डेंगू की पुष्टि हुई थी। गुरुवार की रात हालत बिगड़ने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
डेंगू से पीड़ित होने पर जिला अस्पताल में अंबेडकर नगर निवासी 15 वर्षीय यश प्रताप, हरीपुरम कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय ब्रजमोहन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा नगला निरंजन में फिर से डेंगू के मरीज मिलने लगे हैं।
कुरावली में युवक को डेंगू हुआ है इसकी जानकारी नहीं है। जिले के सभी पैथॉलॉजी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां जांच के दौरान मिलने वाले एनएस-1 पॉजिटिव मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें। विभाग को जानकारी देने से पहले यदि जानकारी सार्वजनिक की जाती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ