08एमएनपी-40-जिला अस्पताल में डॉक्टर के पास लगी मरीजों की भीड़
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। भले ही सीएमओ जिले में डेंगू का प्रकोप न मान रहे हों लेकिन कहीं न कहीं सरकारी रिपोर्ट उनके वादों को झूठों का साबित कर रही है। जिला अस्पताल में सितंबर से लेकर अब तक हुई कुल जांच में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या 100 का आंकड़ा पार कर चुकी है।
जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ी है। प्राइवेट जांचों पर जहां शिकंजा कसा जा रहा है वहीं जिला अस्पताल की जांच ने सीएमओ के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। जिला अस्पताल के पैथोलॉजी रिकार्ड के अनुसार पिछले दो महीने में 500 लोगों ने डेंगू की जांच कराई जिनमें 105 को डेंगू निकला। सूत्रों की मानें तो सीएमओ जिला अस्पताल के कर्मचारियों पर भी दबाव बना रहे हैं। मौखिक रूप से डेंगू की पुष्टि कम से कम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
मलेरिया पीएफ की रिपोर्ट जारी करने पर लगाई फटकार
जिले का स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों पर इतना दबाव बना रहा है कि एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पैथोलॉजी से दो मरीजों में मलेरिया पीएफ मिलने पर सरकारी रिपोर्ट जारी कर दी गई तो अधिकारियों ने उनसे भला बुरा कहा। अब वे मरीज को तो बता देते हैं कि उसे पीएफ है लेकिन रजिस्टर में पीएफ दर्ज नहीं कर रहे हैं।
किसी भी कर्मचारी पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। कार्ड की रिपोर्ट को विभाग फाइनल नहीं मान रहा है। एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट ही फाइनल है। जिसके आधार पर अभी तक मात्र 14 मरीजों में डेंगू निकला है।
डॉ. एके पांडेय सीएमओ