कासगंज पटियाली में बुखार से मौत का शिकार मासूम प्रांजल का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
पटियाली(कासगंज)। कसबे के मोहल्ला चौक के ही समीपवर्ती बस्ती नई कॉलोनी में रविवार को वायरल बुखार ने एक मासूम की जान ले ली। वहीं उसकी मां की भी बुखार की शिकायत है। प्रांजल (4 माह) पुत्र धर्मेंद्र गोस्वामी निवासी नई कॉलोनी गंजडुंडवारा रोड पटियाली को तीन दिन पहले वायरल बुखार आया। उसे दूध आदि पीने तक में दिक्कत हो रही थी।
परिजनों ने उसे कासगंज में चिकित्सक को दिखाया, लेकिन कोई फायदा नहीं मिला। इसके बाद परिजन उसे एटा के चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। परिजनों ने उसे फर्रुखाबाद में भी दिखाया। चिकित्सकों ने उसके गले में सूजन की समस्या बताई। बालक की रविवार को मौत हो गई। बालक की मां नीतू को भी कई दिन से बुखार व गले में दर्द आदि की शिकायत है।
परिवार का अकेला बेटा था
पटियाली। बुखार से मृतक प्रांजल अपने परिवार का अकेला बेटा था। पांच साल पहले धर्मेंद्र व नीतू की शादी हुई थी। बालक की तीन साल की एक बड़ी बहन है। बेटी के जन्म के तीन साल बाद जन्मे बेटे से परिवार में काफी खुशी थी। जिससे वह सभी का काफी दुलारा था, लेकिन परिजनों को क्या पता कि इस तरह से उनसे बेटे की खुशी छीन लेंगे। बालक की मौत से परिजन काफी सदमे में हैं।
सूचना मिलते ही दौड़ी स्वास्थ्य विभाग की टीम
पटियाली। एक दिन पूर्व तीन बच्चों की मौत के बाद रविवार को जैसे ही नई कॉलोनी क्षेत्र में एक बच्चे की मौत की सूचना मिली बैसे ही विभाग की टीम दौड़ पड़ी। टीम ने परिवार की एक और बेटी अंशुका का स्वास्थ्य परीक्षण किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसे तो किसी प्रकार संक्रमण तो नहीं है।