रफ़रोजाबाद ! टापा खुर्द और बालाजी नगर में कच्ची पड़ी गलियों में दलदल जैसी स्थिति होने पर नगर निगम ?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। डेंगू व वायरल से जूझ रही नई आबादी के मोहल्ले के लोगों का शनिवार को धैर्य जवाब दे गया। कई मोहल्लों के लोगों ने नगर निगम के जिम्मेदारों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी नगर निगम के अफसर गंदगी और जलभराव की समस्या का निदान नहीं करा रहे है। लोगों ने रविवार से कटोरा लेकर भीख मांगने और श्रमदान से नाली-खड़ंजा बनाने की घोषणा की।
कोटला रोड स्थित नई आबादी के मोहल्ले टापा खुर्द, बालाजी नगर, हरी नगर, मोदी नगर, नगला पान सहाय, लोधीपुरम, श्रीराम कॉलोनी, कमला नगर और बघेल कॉलोनी आदि एक दर्जन मोहल्लों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हैं। अधिकांश मोहल्लों की गलियों में नाली-खड़ंजों के अभाव में जलभराव की स्थिति गई है। ऐसे में मोहल्ले के लोगों ने एकत्रित होकर शनिवार को प्रदर्शन किया।
लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बाद भी महापौर एवं नगर निगम के अन्य अफसर समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। निगम के रवैये से नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की। लोगों ने विरोध स्वरूप रविवार से सड़क पर खड़े होकर भीख मांगने एवं श्रमदान के जरिए नाली-खड़ंजा व जलभराव से जुड़ी समस्या का समाधान करने की घोषणा की है। प्रदर्शन करने वालों में गीता देवी, आशा देवी, विनीता देवी, कोमल सिंह, अशोक, जगदीश, महेश बाबू, हीरालाल, मदनलाल, प्रवीन आदि प्रमुख हैं।