कासगंज। तीन दिन पूर्व एक युवक की मौत हो गई थी। युवक का शव नदरई रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला। पुलिस युवक की मौत का कारण ट्रेन से कटकर मानकर चल रही थी, लेकिन अब इस मामले में मोड़ आ गया है। युवक के परिजन व क्षेत्र के लोगों ने कोतवाली पर पहुंचकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कोतवाली का घेराव किया और हत्या का मामला आरोपी के खिलाफ दर्ज करने की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ के आश्वासन के बाद धरना प्रदर्शन शांत हुआ। एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।युवक प्रशांत सक्सेना को उसका दोस्त मोहित तिवारी 17 जुलाई को सुबह 9 बजे बुलाकर ले गया था, लेकिन रात्रि 11 बजे प्रशांत का घर पर फोन आया कि वह भरतपुर में है, लेकिन 20 जुलाई को सुबह परिजनों को सूचना मिली की युवक का शव नदरई रेलवे ट्रैक के पास झाडिय़ों में मिला है। इससे पूर्व पुलिस शव को पोस्टमार्टम पर ले आई थी। युवक की मां ममता सक्सेना सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम हाऊस पर पहुंची और शव की शिनाख्त की। मां ने बताया कि उनके पति अनुपम सक्सेना घर पर नहीं थे वे इलाहाबाद गए हुए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार के लोग प्रशांत की मौत का कारण तलाशने लगे तो जानकारी में आया कि 19 जुलाई को भी प्रशांत आरोपी मोहित तिवारी के साथ देखा गया। मां ममता सक्सेना ने कहा कि मोहित ने षडयंत्र करके प्रशांत की हत्या की है।
- परिजनों की तहरीर पर युवक की मौत के मामले में एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।- अजीत चौहान, सीओ सिटी।