बाह। 25 हजार की आबादी वाले जरार कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए मिले मांग पत्र को बाह की विधायक पक्षालिका सिंह ने नगर विकास मंत्री को भेज कर प्रस्ताव पर विचार कर अमल का अनुरोध किया है। जरार की प्रधान सिया रानी देवी एवं समाजसेवी एवं एनजीओ अक्षय नवपात्र के संयोजक उमेश सिसोदिया ने विधायक को मांग पत्र सौंपकर जरार की आबादी को नगर पंचायत के अनुरूप बताकर विकास एवं तरक्की के लिए दर्जा दिलाए जाने की मांग उठाई थी।
ग्राम पंचायत और एनजीओ की पहल का जरार कस्बे के लोगों ने स्वागत एवं समर्थन किया है। जरार से पहले बिजौली एवं जैतपुर को नगर पंचायत बनाए जाने की मांग उठी थी। बिजौली को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए भाजपाइयों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। जैतपुर कस्बे में भी संसाधनों के विकास एवं तरक्की के लिए नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग उठती रही है। तर्क है कि दोनों कस्बों की आबादी नगर पंचायत के मानकों को पूरा करती है। ग्राम पंचायत से मिलने वाले बजट को कस्बाई इलाकों में संसाधनों के विकास में स्थानीय लोगों ने नाकाफी बताया है।