आगरा। बरौली अहीर नवीन फल सब्जी मंडी और सिकंदरा मंडी के आढ़ती और व्यापारियों ने बसई में खुल रही मंडी का विरोध किया। उन्होंने शनिवार को मंडी समिति सचिव और सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की। उनसे तत्काल बसई मंडी को बंद कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही चेतावनी दी कि बंद नहीं कराई तो दोनों मंडियों के आढ़ती भूख हड़ताल करेंगे। वहीं, शासन स्तर से बसई मंडी को पूर्व की भांति संचालित करने के आदेश हुए हैं।
बरौली अहीर नवीन फल सब्जी मंडी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि बसई की कलुआराम मंडी अवैध रूप से संचालित हो रही है। इसके कारण बरौली अहीर मंडी का व्यापार ठप है। 2019 में दस लाख से लेकर 60 रुपये तक में व्यापारियों ने दुकानों के आवंटन प्रक्रिया में ली थी। इसमें सैकड़ों लाइसेंस धारक हैं। बसई मंडी के संचालन होने से यह मंडी चलन में नहीं आ पा रही है। मंडी समिति भी लाखों रुपये के राजस्व के नुकसान को झेल रही है। इसे बंद किया जाना चाहिए।
मंडी यूनियन सब्जी मंडी बाईंपुर सिकंदरा के उपाध्यक्ष राजू चौधरी ने कहा कि बसई में संचालित मंडी से बरौली अहीर मंडी के साथ सिकंदरा मंडी के आढ़ती को भी नुकसान हो रहा है। मांग है कि कलुआराम मंडी उपस्थल को तत्काल सील कर अगले सात दिनों में बरौली-अहीर मंडी को संचालित कराया जाए। 10 जुलाई मांगें पूरी नहीं की गई तो 11 को दोनों मंडियों के आढ़ती भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान मंडी यूनियन सब्जी मंडी बाईंपुर के अध्यक्ष हरिओम दुबे, रामप्रकाश राजपूत, हरिओम पंडित, अजीत सिंह, मनोज कुमार, तोमर, संजीव यादव आदि मौजूद रहे।
बसई की कलुआराम मंडी उपस्थल को कलुआराम की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी रामवती के नाम दर्ज करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। इस कारण निदेशालय स्तर से आदेश है कि कार्रवाई पूरी न हो जाने तक मंडी का संचालन पूर्व की भांति संचालित होने दें। - अजय प्रताप सिंह, सचिव मंडी समिति