ताजमहल का दीदार करने दिल्ली से आगरा दोस्तों के साथ आए पर्यटक की गुरुवार को पश्चिमी गेट पर तबियत बिगड़ गई। दोस्त जब तक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि पर्यटक ने सीने में दर्द बताया था। उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
थाना पर्यटन के प्रभारी निरीक्षक इकबाल हैदर ने बताया कि दिल्ली के नजफगढ़ में मेन नांगलोई रोड स्थित बजरंग एन्क्लेव निवासी नमित सिंह (26) पुत्र महावीर सिंह बुधवार की शाम आगरा आया था। पुरानी मंडी चौराहे के पास एक होटल में ठहरा था।
गुरुवार सुबह तकरीबन 9:30 बजे नमित अपने दोस्तों उमेश, विशाल, प्रमोद और मोहित के साथ ताजमहल के पश्चिमी गेट पहुंचा। टिकट लेने के बाद ये लोग पार्क में कुछ देर के लिए बैठ गए। उस समय ताजमहल में चेकिंग भी चल रही थी। इस कारण अंदर नहीं जा सके।