बेवर। एक व्यक्ति के खाते से ऑनलाइन ठगी करने के बाद बिजली का बिल भुगतान करने के मामले में दिल्ली के साइबर सेल की एक टीम बुधवार को कस्बा के एक बैंक में जांच करने पहुंची। संदिग्धों के घर पर भी टीम ने दबिश दी।
दिल्ली से साइबर सेल की टीम के एसआई तलविंदर, एएसआई आदेश ने बुधवार को कस्बा स्थित एसबीआई बैंक पहुंचकर कुछ संदिग्धों के खाता के संबंध में जानकारी जुटाई। बताया कि हैकरों द्वारा किसी व्यक्ति के खाता से निकाले गए रुपये से बिजली का बिल भुगतान किया है। इसी संबंध में आरोपियों की तलाश में वह लोग जांच करने आए हैं। टीम ने बैंक में जांच करने के साथ गांव पुरैया व लक्ष्मणपुर में संदिग्धों के घर पर दबिश दी। हालांकि पुलिस को वहां कोई नहीं मिला। दिल्ली से आई साइबर सेल की टीम ने कस्बा में एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। जो झारखंड के अपराधियों से मिलकर ऑनलाइन बिजली का बिल जमा करते हैं। वहीं नकद धनराशि वसूल रहे हैं। जांच टीम अभी कस्बा में ही डेरा जमाए हुए है।