आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के एंट्री पॉइंट पर डग्गामार वाहन चालकों ने दिल्ली पुलिस के दो सिपाहियों को जमकर पीटा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश कर रही है।
फिरोजाबाद में टूंडला थाना क्षेत्र के अलीनगर केंजरा निवासी सिपाही अवनीश यादव ने एत्मादपुर थाना में तहरीर दी। बताया कि मैं और मेरा साथी शीर्ष सम्राट, निवासी सिरसागंज, फिरोजबाद, दिल्ली पुलिस के जवान हैं। हम दोनों अपनी ट्रेनिंग खत्म करने के बाद छुट्टी पर घर आये थे। छुट्टी खत्म होने पर वापस अपने कैंपस झरोंदा कला जा रहे थे।
गाड़ी में बैठाने को लेकर हुई कहासुनी
बताया कि कुबेरपुर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे की एंट्री पॉइंट पर डग्गामार टैक्सी चालकों ने अपनी-अपनी गाड़ी में बैठाने की जबदस्ती कर रहे थे। एक ने हमारे बैग जबरन अपनी गाड़ी में रख लिए। हमने बैग निकालने की बात कही तो गाली-गलौज करने लगे। हमारे रोकने पर डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इससे मेरे सिर में चोट लग गई। मुझे बचाने आये मेरे साथी शीर्ष सम्राट को भी पीटा। इससे उसे भी चोट आई है।
आरोपियों में यह हैं शामिल
मारपीट करने वालों में अमित परमार निवासी चौगान गांव, एत्मादपुर, जानू ठाकुर निवासी गढ़ी जगन्नाथ, एत्मादपुर, जेपी जाट निवासी पेतखेड़ा, खंदौली शामिल हैं। इंस्पेक्टर सर्वेश कुमार ने बताया कि पीड़ित सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।