आगरा में लू चलने से हीट स्ट्रोक और उल्टी दस्त के मरीज तेजी से बढ़े हैं। अकेले एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में 30 फीसदी मरीजों की वृद्धि हुई है। ये हीट स्ट्रोक और उल्टी दस्त के हैं। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन भी हो रहा है। निजी अस्पतालों में भी इसी तरह मरीज बढ़े हैं।
एसएन इमरजेंसी में मेडिसिन विभाग में रोजाना 35-50 मरीज और टेलीमेडिसिन में 40-40 कॉल आ रहे हैं। इनमें से 10 से 15 फीसदी में उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, हीटस्ट्रोक की परेशानी है। बाल रोग में इस परेशानी के 40-45 फीसदी बच्चों को उल्टी-दस्त, पानी की कमी, बुखार के आ रहे हैं।
इनमें दो से दस साल के बच्चे ज्यादा हैं। इनकी हालत गंभीर होने से रोजाना 10-15 को भर्ती करना पड़ रहा है। बाल रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रामक्षितिज शर्मा ने बताया कि उल्टी-दस्त, डायरिया के बेहद गंभीर मरीज आ रहे हैं, इनको ठीक होने में पांच से सात दिन लग रहे हैं।
सलाह : पांच से आठ लीटर पानी पीएं... सिर ढककर रखें
चिकित्सकों की सलाह है कि गर्मी से बचने के लिए शरीर में पानी की कमी न होने दें। सिर को धूप से बचाकर रखें। हीट स्ट्रोक का खतरा सिर पर धूप लगने से बढ़ जाता है।
- दिन में पांच से आठ लीटर पानी पीएं, हर आधा घंटे बाद पानी पिएं।
- छाछ, शिकंजी, नारियल पानी और घर में बना फलों का जूस पीएं।
- सूती कपड़े पहनें, बेहद जरूरी कार्य होने पर ही बाहर जाएं। सिर-कान ढकें।
- चटपटा, चिकनाईयुक्त भोजन न खाएं, बाहर का खाने से भी बचें।
- खाने में दलिया, सत्तू, खिचड़ी, हरी सब्जी, सलाद का भरपूर प्रयोग करें।
- छोटे बच्चों को कसे हुए कपड़े नहीं पहनाए, साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- उल्टी-दस्त होने पर बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाएं।
(जैसा के एसएन मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. टीपी सिंह ने बताया)
दो से पांच बजे तक 45 डिग्री के ऊपर रहा पारा
आगरा में सोमवार दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक तापमान 45 डिग्री के पार ही बना रहा। सुबह से ही गर्मी इतनी थी कि तापमान एक बार 40 के ऊपर जाने के बाद फिर नीचे आया ही नहीं।
चलेगी लू... 27 मई तक राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पारा 46 डिग्री के पास ही रह सकता है। 27 मई तक ऐसी ही गर्मी रहेगी। 28 मई को बादल राहत लेकर आएंगे।