आगरा। शहर की स्टार ऑलराउंडर क्रिकेटर दीप्ति शर्मा ने महिला वनडे विश्व कप के पहले ही मैच में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन ने आगरा और देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। मैच में दीप्ति शर्मा ने पहले बल्ले से कमाल दिखाते हुए 53 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली। इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने 10 ओवर में 54 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
नीतू डेविड का रिकॉर्ड तोड़ा
इस मुकाबले में दीप्ति ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। वह अब वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से दूसरे नंबर की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। दीप्ति ने 112 पारियों में 143 विकेट लेकर पूर्व दिग्गज नीतू डेविड का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 97 पारियों में 141 विकेट झटके थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड महान गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम है, जिन्होंने 203 पारियों में 255 विकेट लिए हैं।
कोच और पूर्व क्रिकेटर ने सराहा
दीप्ति के भाई और कोच सुमित शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि दीप्ति अपने खेल से अहम योगदान देना जारी रखेंगी और भारत यह वर्ल्ड कप जीतेगा। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हेमलता काला ने कहा कि दीप्ति का अनुभव और निरंतर अच्छा प्रदर्शन भारत के लिए सबसे बड़ी ताकत है। वह इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की असली धुरी साबित होंगी। बोले कि पूरा विश्वास है कि दीप्ति इसमें निर्णायक भूमिका निभाएंगी।