आगरा। ताजनगरी की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक बार फिर भारतीय महिला टी-20 टीम में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं। बीसीसीआई ने मंगलवार को 17 अप्रैल से शुरू होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला टी-20 टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें आगरा की दीप्ति शर्मा को भी टीम में शामिल किया गया है। दीप्ति शर्मा लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख ऑलराउंडर के रूप में शानदार प्रदर्शन करती आ रही हैं। अपनी सटीक गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने कई मैचों में टीम इंडिया को जीत दिलाई है।
दीप्ति के भाई और कोच सुमित शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि दीप्ति लगातार मेहनत कर रही है और उसका लक्ष्य देश के लिए मैच जिताने वाला प्रदर्शन करना है। उन्हें पूरा विश्वास है कि दीप्ति इस दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन कर आगरा और देश का नाम रोशन करेगी। सुमित शर्मा ने बताया कि दीप्ति आने वाले मैचों में वह टीम के लिए अहम भूमिका निभाएगी।