29एमएनपी-37-स्क्वाड्रन लीडर दीपक चौहान
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। मोहल्ला देवपुरा निवासी दीपक चौहान बचपन से ही मेधावी रहे हैं। वर्ष 2003 में दीपक ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की परीक्षा में पहला स्थान पाकर जिले का नाम रोशन किया था। दीपक ने अब फ्रांस से राफेल लाकर जिले के युवाओं में और जोश भर दिया।
स्क्वाड्रन लीडर दीपक चौहान के पिता दुखहरण सिंह चौहान पूर्व सैनिक हैं। वहीं मां कमलेश चौहान गृहणी हैं। दीपक का जन्म वर्ष 1985 में हुआ था। दीपक के राफेल लाने की सूचना से परिवार को लोग गदगद हैं। मां कमलेश कुमारी कहती हैं दीपक मेरा नहीं देश का ‘दीपक’ है। पिता दुखहरण सिंह चौहान ने बताया कि दीपक शुरू से ही मेधावी रहा। उन्होंने कक्षा पांच तक की पढ़ाई देवी रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से की। इसके बाद कक्षा छह से 12 तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल घोड़ाखाल नैनीताल से की। वर्ष 2003 में उसका राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में चयन हुआ। इस परीक्षा में दीपक ने देश में पहला स्थान पाया था। पिता ने बताया कि वर्ष 2007 में दीपक फ्लाइंग ऑफिसर बना और 2012 में उसे स्क्वाड्रन लीडर की जिम्मेदारी मिली। जून में उसका प्रमोशन विंग कमांडर के रूप में हो चुका है लेकिन वर्तमान में तैनाती स्थल पर रहने के कारण उसे विंग कमांडर का तमगा नहीं मिला है। अगले दो चार दिन में ही उसे विंग कमांडर की जिम्मेदारी भी मिल जाएगी।
दीपक के परिजनों ने दी फोन से बधाई
दीपक के परिवार में बड़े भाई पुनीत चौहान नोएडा में शॉप्ट वेयर इंजीनियर हैं। जबकि दूसरे नंबर के भाई दिलीप चौहान मैनपुरी दूर संचार विभाग में एसडीओ के पद पर कार्यरत हैं। तीसरे नंबर के भाई शेखर चौहान भी नोएडा में इंजीनियर हैं। चौथे नंबर का भाई विमल चौहान नोएडा सीए के रूप में कार्य कर रहा है। दीपक की पत्नी स्नेहा चौहान वर्तमान में पूना में इंजीनियर के रूप में कार्य कर रही हैं। देवपुरा स्थित मकान पर मौजूद उनकी दूसरे नंबर की भाभी रचना चौहान मैनपुरी विकास खंड के परिषदीय स्कूल में शिक्षिका हैं। सभी ने दीपक को फोन पर बधाई दी है।
फोटो- 40
पैतृक गांव टिंडौली के लोगों ने भी मनाई खुशी
दीपक चौहान मूल रूप से शहर से 12 किमी दूर स्थित गांव टिंडौली के निवासी हैं। दीपक के राफेल लाने की सूचना जैसे ही टिंडौली के लोगों को मिली वे खुशी से झूम उठे। वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप चौहान का कहना जिले के युवाओं को दीपक से सीख लेनी चाहिए। अमित चौहान का कहना था कि दीपक ने राफेल लाकर टिंडौली का नाम भी रोशन किया है। फ्रांस से अंबाला तक राफेल लाने की सूचना पर रामनरेश सिंह चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, अजित चौहान, सौरभ चौहान, नरेंद्र सिंह चौहान, पुनीत चौहान, अजय प्रताप सिंह चौहान, संजय चौहान आदि ने जश्न मनाया।