हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। इनसेट-मृतक।
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के गांव जरेला में सुबह सुबह हत्या का मामला सामने आया। एक युवक की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। मौके पर एसएसपी पहुंचे। हत्या के कारण का पता नहीं लग सका है।
थाना सिरसागंज के गांव जरेला में अनिल कुमार (35 वर्षीय) परिवार के साथ रहता था। वह एक साल से किराए पर मैक्स गाड़ी चलवा रहा था। इससे पहले एक स्थानीय चैनल में शौकिया फोटोग्राफरी करता था। परिजनों के मुताबिक अनिल मंगलवार शाम 7 बजे से गायब था। सुबह-सुबह ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे, तो उन्हें खेत में एक लाश दिखाई दी। इसकी शिनाख्त अनिल के रूप में की गई।
ग्रामीण ने मृतक के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। एसएसपी सचिंद्र पटेल, फोरेंसिंग टीम समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने जांच पड़ताल की। प्रथम दृष्टया ईंट से कुचलकर हत्या बताई जा रही है। पुलिस हत्या के कारण का पता लगाने में जुट गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मां का रो रोकर बुरा हाल है।
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने परिजनों और ग्रामीणों से बात की। जानकारी मिली कि मंगलवार रात को गांव बाहर देशी शराब ठेके से अनिल ने शराब के तीन पौआ खरीदे थे। वह शाम सात बजे घर से निकला, फिर रात में घर नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की। सुबह ग्रामीणों ने बाजार के खेत की मेढ़ पर खून खून और अनिल का शव देखा।
परिजन रंजिशन हत्या की बात कह रहे हैं। चार साल पहले ही अनिल की शादी हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी है। उसके पिता खेती करते हैं। एसएसपी सचिंद्र पटेल का कहना है कि युवक की हत्या की गई है। हत्या क्यों की गई, इसकी जांच की जा रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।