दिसंबर के महीने में इस बार आगरा के लोगों ने अच्छी हवा में सांस ली है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक इस पूरे माह एयर क्वालिटी इंडेक्स 12 दिन तक अच्छी श्रेणी में रहा। 15 दिनों तक हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रही, जबकि सिर्फ तीन दिन एक्यूआई खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। इस महीने एक्यूआई 48 तक भी पहुंचा जो मानसून के दिनों में ही रहता है।
बीते साल वर्ष 2023 के दिसंबर में एक दिन हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में और दो दिन खराब श्रेणी में थी, वहीं 24 दिन यह संतोषजनक श्रेणी में बनी रही थी। एक दिन भी एक्यूआई 50 के पास यानी अच्छी श्रेणी में नहीं आ सका था। पांच साल पहले पूरे महीने मेें 18 दिन आगरा की हवा बहुत खराब, 12 दिन खराब श्रेणी में दर्ज की गई थी। यह पहला मौका है, जब दिसंबर के महीने में हवा की गुणवत्ता बेहतर रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. विश्वनाथ शर्मा के मुताबिक इस बार मौसम साफ रहा। बारिश भी हुई, जिससे धूल कण कम रहे वहीं हवा भी अच्छी चली है, जिससे स्मॉग नहीं रह पाया।
सोमवार को 52 रहा एक्यूआई
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को आगरा का एक्यूआई 52 दर्ज किया गया। पूरे शहर में एक्यूआई 100 के नीचे दर्ज किया गया जो अच्छी श्रेणी में है। हालांकि संजय प्लेस की हवा पूरे शहर में सबसे अच्छी रही, जबकि दयालबाग और ताजमहल के पास शाहजहां पार्क जैसी जगहों की हवा संजय प्लेस से खराब रही।
जगह एक्यूआई
मनोहरपुर 51
रोहता 61
संजय प्लेस 48
आवास विकास 53
शाहजहां पार्क 87
शास्त्रीपुरम 72