सांस लेने में दिक्कत और डायबिटीज से पीड़ित चार मरीजों की मौत
हार्ट अटैक के तीन मरीजों को गंभीर हालत में किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में भर्ती डायबिटीज के एक मरीज की मौत हो गई। तीन अन्य मरीजों ने सांस लेने में दिक्कत के चलते दम तोड़ दिया। हार्ट अटैक के तीन मरीज जिला अस्पताल से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किए गए।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 456 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गांव किचौरा निवासी मनोज कुमार का 16 वर्षीय पुत्र हर्षित पिछले कुछ दिनों से डायबिटीज से पीड़ित था। परिजन ने रविवार को उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान देर रात हर्षित की मौत हो गई। भोगांव थाना क्षेत्र के गांव विरायमपुर निवासी सियाराम की 82 वर्षीय पत्नी रामलली को पिछले कई दिनों से हार्ट में दिक्कत थी। सोमवार को सांस लेने में दिक्कत के चलते उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव विरायमपुर निवासी 82 वर्षीय जमुना प्रसाद सोमवार को अपने घर पर अचानक गिर गए। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के महेंद्र नगर निवासी 80 वर्षीय रामदुलारे को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। सोमवार को परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।