मैनपुरी। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 725 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें अधिकांश मरीज डायरिया और बुखार के हैं। 27 मरीज गंभीर हालत के चलते भर्ती कराए गए। जिला अस्पताल से पांच मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। करहल निवासी एक युवक की मौत हो गई। वह उच्च रक्तचाप से पीड़ित था।
जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में उच्च रक्तचाप, डायरिया, बुखार और पेटदर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। फिजीशियन के कक्ष में 147 मरीज पहुंचे जबकि बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में 111 मरीजों को उपचार दिया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 27 मरीजों को हालत बिगड़ने पर भर्ती कराया गया। पांच मरीज रेफर किए गए। करहल के मोहल्ला भटेला निवासी विनय कुमार को पिछले दो दिन से उच्च रक्तचाप की शिकायत थी। परिजन उसका एटा के एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। ठीक होने के बाद परिजन उसे घर ले जा रहे थे। करहल रोड पर सिंहपुर नहरपुल के पास उसकी अचानक हालत बिगड़ी। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग का कहना था कि युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।