मैनपुरी। जिला अस्पताल में रविवार को सांस और क्षयरोग से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। तीन मरीजों को गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई के लिए रेफर किया गया।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव टिकुरी निवासी सर्वेश कुमार को पिछले तीन दिन से सांस की दिक्कत हो रही थी। परिजनों ने रविवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान सर्वेश ने दम तोड़ दिया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर निवासी रियाजुद्दीन की 22 वर्षीय पुत्री आफरीन को एक साल से क्षयरोग की शिकायत थी। रविवार को परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ओपीडी सेवा बंद होने के कारण जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की रविवार को भीड़ रही। सांस और डायरिया से पीड़ित तीन मरीजों को गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।