03एमएनपी-16-वीडियो कॉल पर जुडवां बच्चों को देखता कोरोना योद्धा राकेश कुमार
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना संकट में देश के वीर अपनी वर्दी का फर्ज निभा रहे हैं। परिवार की जिम्मेदारी को किनारे कर मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात हैं। कोतवाली में तैनात एक सिपाही की पत्नी ने ऑपरेशन से जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। एक माह से सिर्फ फोन पर ही घरवालों से बातचीत हो रही है।
कोरोना वायरस से चल रही जंग में कोरोना वॉरियर्स जनता की पहरेदारी को ही अपना ध्येय बना चुके हैं। छुट्टियों पर रोक लगी हुई है, वहीं पुलिस सेवा में आने के समय ली गई शपथ भी निभानी है।
शहर कोतवाली में तैनात मथुरा के गांव महावन निवासी आरक्षी राकेश कुमार की पत्नी प्रीती भी महिला कांस्टेबल हैं। 24 मार्च को प्रीती ने ऑपरेशन से दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। राकेश को ये खुशखबरी मिली तो वह खुशी से फूला नहीं समाए।
ड्यूटी के चलते वह घर नहीं जा सके। राकेश के अनुसार सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले पत्नी से बात होती है। अब तक एक बार भी वह अपने बच्चों से नहीं मिल सके हैं। राकेश का कहना है कि अब कोरोना से जीत के बाद ही घर जाऊंगा।