बिछवां/औंछा। गांव चीतई और तिसौली में शुक्रवार को करंट लगने से एक मासूम और किशोरी की मौत हो गई। हादसों के बाद मृतकों के घर में चीत्कार मच गई। गमगीन माहौल के बीच मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव चीतई निवासी दिनेश शाक्य का एक वर्षीय पुत्र निकित शुक्रवार की सुबह खेल रहा था। तभी अचानक पास रखे फर्राटा पंखा में उतरे करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे अस्पताल तक लेकर आए, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना थाना बिछवां क्षेत्र के गांव तिसौली में हुई। गांव निवासी मुकेश कुमार की पुत्री पूनम (16) शुक्रवार की सुबह अचानक बिजली के बोर्ड में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गई। आनन फानन में परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इन बातों का रखें ख्याल
-बच्चों को कूलर और पंखे से दूर रखें।
-कूलर और पंखे का इस्तेमाल न होने पर मैन स्विच बंद रखें।
-कूलर और पंखे को जमीन पर न रखें।
-घर में बच्चों को अकेला न छोड़ें, खेलते समय उन पर नजर रखें।