आगरा के थान खंदौली के गांव पुरा लोधी में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव सोमवार को खेत में मिला। ससुराल पक्ष का कहना है कि करंट लगने से जान गई है। वहीं मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
विज्ञापन
परिजनोंं के मुताबिक गांव पुरा लोधी में रहने वाले धर्मवीर की पत्नी मीना देवी (42) सोमवार की सुबह 5 बजे खेत गई थीं। खेत में तारों की बाड़ लगी थी। उसे झटका मशीन से जोड़ा गया था। करंट की चपेट में आने से मीना देवी की मौत हो गई।
सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि मीना का पति धर्मवीर आए दिन पिटाई करता था। हत्या की गई है। हंगामा होने पर पहुंची थाना खंदौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मीना की शादी 24 साल पहले हुई थी। दो बेटियां बबिता (17) और लक्ष्मी (8) हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।