पटियाली(कासगंज)। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर अपने नाना, मामा, मामी के साथ बाजार को आया एक मासूम की मामी की गोद से गिरकर ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। इससे ननिहाल में कोहराम मच गया।
वेभू (3) पुत्र आलोक निवासी किसोल अलीगंज एटा दो साल से अपनाी मां रेनू के साथ अपनी ननिहाल लधौली सिकंदरपुर वैश्य में सतीश मिश्रा के घर पर रह रहा था। मंगलवार को उसके नाना, मामा कल्लू, मामी पूजा ट्रैक्टर ट्राली में पटियाली बाजार से सामान खरीदने के लिए आए। वे बालक को अपने साथ ले आए। नाना टैक्ट्रर चला रहे थे, जबकि मामा-मामी आमने-सामने बोनट पर बैठे हुए थे। बालक अपनी मामी की गोद में बैठा हुआ था।
अचानक झटका लगने से बालक उनकी गोद से छिटकर नीचे सड़क पर गिर गया और उसके ऊपर से ट्रॉली का पहिया उतर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी मामी ने ट्रैक्टर रोकने के लिए चीख-पुकार मचाई। शोर सुनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर बालक को बाहर निकाला गया। बालक को तुरंत एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत की जानकारी मिलते ही लोगों में चीत्कार मच गया। उसके शव को लाधोली ले जाया गया। जब ननिहाल में बालक की मौत की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इस घटना को देखकर हर कोई दुखी नजर आया।
पति से अनबन होने पर अपने मायके रह रही थी रेनू
रेनू पुत्री सतीश चंद्र की शादी चार साल पहले आलोक निवासी किसौल अलीगंज एटा के साथ हुई। पति से अनबन हो जाने के बाद वह दो साल पहले अपने बेटे के साथ मायके चली आई। तभी से मां बेटा लधौली में ही रह रहे थे।
भांजे की मौत से सदमे में आई मामी
पूजा की शादी दो साल पहले कल्लू के साथ हुई। छह माह पहले उसके एक बेटी हुई। जब बालिका एक माह की ही थी तो उसकी बीमारी से मौत हो गई। अपनी बेटी की मौत से पूजा पहले से ही आहत चल रही थी। मंगलावर को उसकी गोद से अपने भांजे के गिरकर मौत के आगोश में समा जाने से वह सदमे में आ गई।
इकलोते बेटे की मौत से रेनू है सदमे में
वेभू की मौत ने उसकी मां रेनू को सदमे में ला दिया है। पति से चल रही अनबन से वह पहले से ही काफी दुखी थी। अब हादसे में उसके इकलौते बेटे की मौत हो जाने से वह सदमे में आ गई। उसका रो रोकर बुरा हाल है।