कासगंज रेलवे स्टेशन के बाहर बने एक होटल में खाना खाने से 11 रेल यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। पूड़ी के साथ खाई सब्जी में छिपकली निकली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित रेल यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सब्जी के सैंपल लिए हैं।
घटना रविवार मध्यरात्रि की है। राधाष्टमी पर्व मनाने के बाद पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी श्रद्धालु मथुरा से कासगंज फास्ट पैसेंजर ट्रेन से करीब पौने 12 बजे यहां पहुंचे। चूंकि बरेली की गाड़ी का समय सुबह का था। इसलिए सभी लोग खाना खाने के लिए रेलवे जंक्शन के बाहर आ गए।
सभी श्रद्धालुओं ने गौतम स्वीट्स की दुकान पर श्रद्धालुओं ने पूड़ी और सब्जी खरीदी। श्रद्धालु दुकान से खाना लेकर प्लेटफार्म पर आ गए और सभी ने एक साथ खाना खाया। तभी खाना खाते समय एक यात्री की सब्जी के दोने में छिपकली निकली। यह देखकर श्रद्धालुओं के होश फाख्ता हो गए।
ये भी पढ़ें- फिरोजाबाद: कॉलेज में छात्राओं के बुर्का पहनकर आने पर पाबंदी, देवबंद के उलेमा ने जताई आपत्ति
सब्जी के सैंपल जांच को भेजे
अस्पताल में भर्ती बीमार महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां करने लगे। तत्काल ही जीआरपी को जानकारी दी गई। सभी श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एडीएम योगेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, एसडीएम ललित कुमार जिला अस्पताल पहुंच गए।
उपचार के बाद पीड़ितों की हालत में सुधार हुआ। सुबह हालत में सुधार होने पर सभी श्रद्धालुओं को छुट्टी दे दी गई। एडीएम के निर्देश पर रात में ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर जाकर सब्जी के सैंपल लिए। जिनका प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाएगा।
इन श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ी
जिन श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ी है, उनमें ज्योति वर्मा, अंजली वर्मा पुत्री प्रमोद वर्मा, सुशीला वर्मा पत्नी प्रमोद वर्मा, नेहा वर्मा, पुत्री प्रमोद, सुदीपा वर्मा पुत्री राजेश, गुड्डो देवी पत्नी अंतराम, संतराम पुत्र पातीराम, आदित्य पुत्र मुकेश वर्मा, प्रियंका पुत्री राकेश, उन्नति वर्मा पुत्री हरिओम वर्मा, अनीता वर्मा पत्नी हरिओम वर्मा शामिल हैं। यह सभी श्रद्धालु पूरनपुर के हैं।
एडीएम योगेंद्र कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सब्जी के सैंपल लिए हैं। सभी बीमारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी की हालत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।