एटा। शहर में गर्भपात कराने का धंधा जोर शोर से चल रहा है। बुधवार रात एक क्लीनिक पर गर्भपात करते समय महिला की मौत हो गई। इसके बाद नाराज परिजन उसके क्लीनिक के बाहर पहुंच गए। कुछ देर में लोगों ने समझौता करा दिया।
कोतवाली नगर के मोहल्ला सुनहरी नगर निवासी सुनील कुमार की पत्नी लक्ष्मी देवी का मोहल्ला में ही क्लीनिक चलाने वाली एक महिला डाक्टर ने गर्भपात कर दिया। इसके बाद रक्त स्राव बंद नहीं हुआ। इससे महिला की मौत हो गई। सुनील की मां भगवान देवी ने बताया है कि बहू पर चार साल और एक वर्ष की दो बेटियां पहले से हैं। उसे एक क्लीनिक संचालिका गुमराह कर अपने साथ ले गई।
अल्ट्रासाउंड कराकर बहू को गर्भ में बेटी होने की बात कही। साथ ही गर्भपात कराने की सलाह भी दी। मंगलवार देर रात उसका गर्भपात किया। इसके बाद उसकी तबियत बिगड़ती चली गई। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया। यहां रक्तस्राव अधिक होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन हंगामा करते हुए संचालिका के क्लीनिक पर पहुंचे। तब तक वह मकान में ताला लगा कर चली गई। बाद में दलालों ने समझौता करवा दिया।
दो मासूम बच्चियों को देख बिलख पड़ी दादी
महिला लक्ष्मी की मौत से सबसे बड़ा सदमा सास भगवान देवी को लगा है। वह छोटी-छोटी बच्चियों को देखकर बिलख रही है। छोटी बच्ची की उम्र मात्र एक वर्ष है जो अपनी मां को देखने के लिए बिलख रही है।
गर्भपात के बाद महिला की मौत होने का मामला संज्ञान में आया है। घर में क्लीनिक संचालित करने वाली महिला की जांच की जाएगी और उस पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिजनों की ओर से अब तक कोई शिकायत नहीं की गई है।
डा. राम सिंह, प्रभारी सीएमओ