फिरोजाबाद के नसीरपुर क्षेत्र में महिला शिक्षक की लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला के गले पर नीले निशान थे। परिवार के लोगों ने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
फिरोजाबाद के थाना नसीरपुर क्षेत्र में एक शिक्षिका का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शिक्षिका के गले पर गला घोंटने के निशान भी हैं। जिससे संभावना व्यक्त की जा रही है कि उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
विज्ञापन
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुन्नछा रोड पर सोमवार शाम चार बजे के करीब एक 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर राजीव राघव व अन्य फोर्स ने महिला के शव को कब्जे में लेकर अज्ञात में मोर्चरी पर रखवा दिया था। रात में महिला के परिजन उनकी तलाश करते हुए थाने पहुंचे। जहां मोर्चरी पर पहुंचकर उन्होंने शव की शिनाख्त 40 वर्षीय कमलेश निवासी पेमेश्वर गेट के रूप में की।
मृतका प्राथमिक विद्यालय पेमेश्वर गेट में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत थीं। बीएसए आशीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का अवकाश होने के कारण वह किन कारणों से बाहर गई थीं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर राजीव राघव का कहना है कि ये हत्या है या आत्महत्या इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर हो सकेगी। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि वह सोमवार को घर से अपनी सहेली सीमा के घर जाने की कहकर निकली थी। उसके बाद उनका शव पड़ा हुआ मिला है।