कमरे में ऐसे हाल में थी विवाहिता की लाश
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला मिरकिचिया में शनिवार की दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। जानकारी होने के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिरकिचिया निवासी मिथुन कुमार की शादी वर्ष 2018 में प्रियंका (28) के साथ हुई थी। शनिवार की दोपहर प्रियंका का शव दूसरी मंजिल पर बने कमरे में दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद घर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। जानकारी होने के बाद घर में आसपास के लोग भी एकत्र हो गए।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। शव को फंदे से उतरवाने के बाद प्रियंका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। मायके पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
दामाद के साथ कर दी हाथापाई
बेटी की मौत की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के पिता सतीश निवासी छिबरामऊ कन्नौज ने दामाद व ससुरालीजन पर आरोप लगाए। दामाद मिथुन को सामने देख गुस्सा बढ़ गया और हाथापाई करने लगे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। बेटी के शव के साथ पिता जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी आ गए।