फतेहपुर सीकरी में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि कई बार लेखपाल के गुहार लगाने के बाद भी पिता की मृत्यु के बाद उसके नाम खेत नहीं आया था, जिसके चलते वह परेशान था।
आगरा में थाना फतेहपुर सीकरी के गांव जाजऊ में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी, तो उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करने के बाद परिजनों को भी सूचना दे दी। युवक के शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
फतेहपुर सीकरी के ग्राम जाजऊ निवासी 24 वर्षीय युवक रवि सक्सेना पुत्र दिनेश कुमार का शव सोमवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया है कि रवि के पिता की 5 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है । आरोप है क्षेत्रीय लेखपाल को कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी खेत को तीनों के भाइयों के नाम नहीं चढ़ाया है । इसलिए वह कर्ज चुकाने के लिए खेत को भी नहीं बेच पा रहा था।
रवि घर में सबसे बड़ा था, जिसके चलते उस पर काफी जिम्मेदारियां भी थीं। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस युवक की मौत के कारणों की जांच में जुटी है।