बाह में फंदे पर लटका मिला युवक, हत्या की आशंका, 5 महीने पहले हुई थी शादी, जमीन बेचने को लेकर पंचायत म?
- फोटो : Agra Dehat
बाह। कस्बे की ट्यूबवेल कॉलोनी निवासी श्यामवीर (27) का शव मंगलवार की दोपहर शीतगृह की दीवार के एंगल से लटकता मिला। परिजनों ने मृतक के पैर जमीन पर टिके देख हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूलरूप से इटावा के रवानपुरा निवासी श्यामवीर कई साल से ट्यूबवेल कॉलोनी में रह रहे थे। पांच माह पहले जरार निवासी वर्षा के साथ उनका विवाह हुआ था। श्यामवीर के चाचा अशोक ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने आठ महीने पहले श्यामवीर के खेत का सौदा सात लाख रुपये में किया था। इस मामले में बकाया 6.30 लाख रुपये देने के लिए 15 नवंबर को पंचायत हुई थी। जिसमें 15 दिसंबर को इस रकम का भुगतान करना था।
एक दिन पहले ही शीतगृह की दीवार के एंगल से श्यामवीर का शव लटका मिला। उन्होंने रुपयों की वजह से हत्याकर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के मुताबिक पांच महीने पहले श्यामवीर की शादी वर्षा से हुई थी। श्यामवीर के माता-पिता की भी मौत हो चुकी है। श्यामवीर की मौत से वर्षा का सुहाग भी उजड़ गया। पति की मौत से वह बिलखती रही। बीच-बीच में वह अचेत भी हो जा रही थी। होश में आने पर यही कहती कि अब आखिर किसके भरोसे रहेगी?