बाह। माथुर वैश्य धर्मशाला बाह के कमरे में रविवार की रात मंसुखपुरा गांव के अविकास (21) का शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस प्रेम प्रसंग में जान देने का मामला बता रही है। मौके पर युवक का मोबाइल फोन भी मिला है। जिससे उसने घटना के पहले बात की थी। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है।
बाह के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि अविकास बाह के चेयरमैन सुनील बाबू की कार चलाता था। रविवार की रात वह माथुर वैश्य धर्मशाला के कमरे में मौजूद था। देर रात कमरे के पंखे पर उसका शव लटका मिला। आसपास के लोगों ने देखा तो शव उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह लेकर गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमरे में मृतक का मोबाइल फोन मिला है, आत्मघाती कदम उठाने से पहले अविकास की एक नंबर पर बात हुई थी। यह नंबर एक युवती का है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक प्रेम प्रसंग में युवक की मौत हुुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। कॉल डिटेल में देखा जाएगा कि ऐसा क्या हुुआ था, जिसके चलते युवक ने जान दे दी। वहीं, युवक की मौत से परिजन बेहाल हैं।