मथुरा में एक प्राइवेट कंपनी के रिकवरी एजेंट की हत्या करने के बाद शव को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। अधजला शव आगरा-दिल्ली हाईवे पर पप्पू ढाबे के सामने खंडहरनुमा कोठरी में पड़ा मिला है। पास ही मोबाइल और बाइक खड़ी मिली। रिकवरी एजेंट आगरा के बीनापुरम का रहने वाला था और फिलहाल मथुरा में किराए पर रहता था।
दिल्ली-आगरा हाईवे पर खंडहरनुमा कोठरी में शनिवार की सुबह को करीब नौ बजे यह अधजला शव मिला था। शव के पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। युवक की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान हुई। पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचे आगरा के बीनापुरम, फाउंड्रीनगर थाना एत्माद्दौला निवासी विनोद चंद्र अग्रवाल ने शव की पहचान बेटे विशाल मंगल (37) के रूप में की।
कोतवाली प्रभारी रामपाल सिंह भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है, फिर उसकी पहचान छुपाने को पेट्रोल डालकर जलाया गया है। आगरा निवासी यह युवक मथुरा में प्रोफेसर नगर में जसवंत सिंह के घर में किराए पर रह रहा था।