शाहदरा फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार डीसीएम ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक की माैत हो गई। दो महिलाएं गंभीर घायल हो गईं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के फिरोजाबाद हाईवे पर शाहदरा फ्लाईओवर के पास बुधवार दोपहर गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से एक्सयूवी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान 60 वर्षीय सतेंद्र जैन की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुनीता जैन (58) और भाभी गुनमाला जैन (62) का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
विज्ञापन
हरीपर्वत थाना क्षेत्र के विजय नगर निवासी सतेंद्र जैन बुधवार को पत्नी सुनीता और भाभी गुनमाला के साथ एक्सयूवी कार से फिरोजाबाद की ओर से आगरा लौट रहे थे। दोपहर करीब दो बजे कार से शाहदरा फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही डीसीएम ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे घायलों को देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी हिमांशु सैनी ने पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान सतेंद्र जैन ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर डीसीएम मालिक को बुलाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।