आगरा विश्वविद्यालय आईआईटी कानपुर के साइबर सुरक्षा केंद्र सी3आईहब के सहयोग से रोजगारपरक साइबर सुरक्षा कोर्स शुरू करेगा। इस पाठ्यक्रम के तहत छात्रों को नेटवर्क सुरक्षा, डेटा सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। कोर्स पूरा करने पर छात्रों को आईआईटी कानपुर की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन सुरक्षा की चुनौतियों को देखते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने छात्रों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की पहल की है। विश्वविद्यालय अब भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के साइबर सुरक्षा केंद्र सी3आईहब के सहयोग से साइबर सुरक्षा व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है।
यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय के सभी विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों के द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों के लिए अनिवार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव, आंकड़ों की सुरक्षा, नेटवर्क सुरक्षा और आधुनिक साइबर तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी देना है।
आईआईटी कानपुर जारी करेगा प्रमाणपत्र
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पाठ्यक्रम पूरी तरह रोजगारपरक और व्यावसायिक प्रकृति का होगा। इसमें सी3आईहब तकनीकी और शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेगा। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को आईआईटी कानपुर की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इससे छात्र सूचना प्रौद्योगिकी सहायता, नेटवर्क प्रबंधन और आंकड़ा सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इस कोर्स की फीस कुल 500 रुपये रहेगी।