डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 88वें दीक्षांत समारोह में एफएच मेडिकल कॉलेज की हुमा जाफर (12 पदक) के बाद आरसीए गर्ल्स कॉलेज, मथुरा की गौरी दीक्षित को पांच पदक, बीएसए कॉलेज, मथुरा की कीर्ति सिंह और विवि के आवासीय इकाई के समाज विज्ञान संस्थान की पूजा शर्मा को चार-चार पदक मिलेंगे।
इस दीक्षांत समारोह में सर्वाधिक पदक पाने वालों की सूची में पहले, दूसरे, तीसरे स्थान पर छात्राएं ही काबिज हैं। एमए की गौरी दीक्षित को एमए हिंदी में सर्वाधिक अंक पाने पर मुंशी राम शर्मा स्वर्ण पदक, एमए हिंदी उत्तरार्द्ध में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर महेंद्र जी स्मृति स्वर्ण पदक, इसी पाठ्यक्रम में महिला अभ्यर्थी के रूप में सर्वाधिक अंक पाने पर डॉ. इंदिरा शर्मा स्वर्ण पदक, एमए फाइनल हिंदी में सर्वाधिक अंक लाने पर बीपी श्रीवास्तव स्वर्ण पदक, एमए हिंदी में सर्वाधिक अंक लाने पर नीरू डेका स्मृति स्वर्ण पदक दिया जाएगा।
एलएलबी की कीर्ति सिंह को एलएलबी उत्तरार्द्ध में सर्वाधिक अंक लाने पर रामेश्वर प्रसाद बागला स्वर्ण पदक, एलएलबी में सर्वाधिक अंक लाने पर पंडित मोतीलाल नेहरू स्वर्ण पदक, मुहम्मद सैफउल्लाह खान स्मृति स्वर्ण पदक, एलएलबी तृतीय वर्ष के ह्यूमन राइट्स व इंटरनेशनल लॉ प्रश्नपत्र में सर्वाधिक अंक लाने पर जवाहर लाल नेहरू स्वर्ण पदक दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय की आवासीय इकाई की छात्रा पूजा शर्मा को एमएसडब्लू की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर समाज विज्ञान संस्थान रजत जयंती, डॉ. केपी भटनागर स्मृति रजत पदक, लायंस क्लब आगरा यूनाइटेड स्वर्ण पदक, डॉ. आरएन सक्सेना स्वर्ण पदक, आईएसएसए प्रो. राजेश्वर प्रसाद स्वर्ण पदक दिया जाएगा। तीन या उससे अधिक पदक पाने वालों में भी छात्राओं का ही बोलबाला है। उषा एजूकेशन इंस्टीट्यूट फरह, मथुरा की एमए समाजशास्त्र की छात्रा सौम्या शर्मा और सेंट जोंस कॉलेज, आगरा की एमए अर्थशास्त्र की नम्रता सैनी को तीन-तीन स्वर्ण पदक मिलेंगे।
ये भी पढ़ें - मानवता की मिसाल: नाले में गिरी गाय को बचाने के लिए करनी पड़ी मशक्कत, तीन घंटे बाद किया गया रेस्क्यू
70 पीएचडी व 02 को डीलिट की डिग्री
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1.49 लाख छात्र-छात्राओं को डिग्री दी जाएगी। वहीं, 70 को पीएचडी और 02 को डीलिट की डिग्री दी जाएगी। डिग्रियां छपने के लिए दी जा चुकी हैं।