आगरा। महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए टाटा डब्ल्यूपीएल स्पीड क्वीन ट्रायल 16 जनवरी को आगरा में होगा। जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली महिला तेज गेंदबाजों की खोज करना है।
यह खास पहल बीसीसीआई के सहयोग से हो रही है। देश के 25 शहरों में यह ट्रायल आयोजित हो रहे हैं। आगरा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र की महिला क्रिकेटरों को अपनी रफ्तार दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस ट्रायल में 19 से 23 वर्ष की आयु वर्ग की महिला क्रिकेटर प्रतिभाग कर सकेंगी। ट्रायल में गेंद की स्पीड, लाइन-लेंथ, फिटनेस और तकनीक को परखा जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को डब्ल्यूपीएल फ्रेंचाइजी और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिल सकता है।
रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन
कोच मनोज कुशवाहा ने बताया कि जो भी महिला खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग लेना चाहती हैं, वे wplspeedqueen.com पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। ट्रायल 16 जनवरी को सुबह 9 बजे से आदित्य क्रिकेट अकादमी, शमसाबाद रोड, आध्या क्रिकेट अकादमी, जॉन मिल्टन स्कूल परिसर में होंगे।