मैनपुरी में आठ माह से अपने मामा के साथ रह रही किशोरी अब पिता के साथ ही रहेगी। किशोरी द्वारा यह इच्छा जाहिर करने पर बाल कल्याण समिति ने शुक्रवार को किशोरी को उसके पिता की सुपुर्दगी में दे दिया।
थाना करहल क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला एक व्यक्ति गुजरात में नौकरी करता है। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। मां की मौत के बाद किशोरी अपने मामा के साथ रहने लगी। इस पर उसके पिता ने बाल कल्याण समिति में शिकायत की।
पिता की शिकायत पर बाल कल्याण समिति ने किशोरी को उसके मामा सहित कार्यालय में बुलाया। गुरुवार को वहां किशोरी ने बताया रिश्तेदारों के भड़काने पर वो मामा के साथ चली गई थी। अब वो अपने पिता के साथ ही रहना चाहती है।
किशोरी द्वारा लिखित रूप से देने पर समिति ने किशोरी को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, सदस्य आराधना गुप्ता, रामप्रताप सिंह चौहान मौजूद रहे।