मैनपुरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का त्रुटिपूर्ण डाटा संशोधित करने के लिए सोमवार को पीएम किसान समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिले के सभी नौ बीज भंडारों पर शिविर लगाकर किसानों का डाटा संशोधित किया गया। तीन दिवसीय शिविर के पहले दिन 2820 आवदेन प्राप्त हुए।
केंद्र सरकार द्वारा किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि दी जा रही है। इसमें जिले के 32 हजार किसानों का डाटा त्रुटिपूर्ण पाया गया है। इसके चलते इन किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इन किसानों का डाटा संशोधित करने के लिए एक से तीन फरवरी तक सभी ब्लॉकों के राजकीय बीज भंडारों पर पीएम किसान समाधान दिवस के तहत शिविर लगाए गए।
शिविर के पहले दिन जिले के नौ ब्लॉकों पर कुल 2820 किसानों ने डाटा संशोधित करने के लिए आवेदन पत्र दिए। इसमें मैनपुरी में 338, जागीर में 127, कुरावली में 227, सुल्तानगंज 281, बेवर में 505, किशनी में 277, करहल में 407, बरनाहल में 322 और घिरोर में 336 आवेदन आए। अधिकांश आवेदनों से तत्काल ही डाटा संशोधित कर दिया गया। उप निदेशक कृषि डीवी सिंह ने बताया कि आगामी दो दिनों तक शिविर जारी रहेगा। अधिक से अधिक किसान यहां पहुंचकर अपना डाटा संशोधित करा सकते हैं।