मैनपुरी। जिले में डेंगू के मरीज मिलने के बाद अब जिला अस्पताल में इसकी जांच शुरू हो गई। सोमवार को इसके लिए लखनऊ से जांच किट आ गईं हैं। इससे अब 12 घंटे में मरीजों को डेंगू जांच रिपोर्ट मिल सकेगी।
बीते एक पखवाड़े से जिले में डेंगू के मरीज मिल रहे थे। इनकी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास व्यवस्था नहीं थी। इसी के चलते विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिला प्रशासन की मांग पर अब शासन ने डेंगू जांच के लिए एलाइजा किट उपलब्ध करा दी है। किट आने के बाद जिला अस्पताल में ही डेंगू की जांच के लिए व्यवस्था कराई गई है। इसके लिए अलग से एक लैब टेक्नीशियन भी तैनात किया गया है। स्वास्थ्य विभाग को इससे अब राहत मिलेगी।
12 घंटे के अंदर ही डेंगू की जांच रिपोर्ट मिल जाएगी। वहीं अपरिहार्य स्थित में तीन घंटे में भी जांच की जा सकेगी। फिलहाल लखनऊ से तीन एलाइजा किट उपलब्ध कराई गई हैं। एक किट में 96 लोगों की जांच की जा सकती है। ऐसे में वर्तमान में प्रशासन के पास कुल 288 मरीजों की डेंगू जांच करने की व्यवस्था है।
सैफई से लौटा दिए गए थे नमूने
जिले में डेंगू जांच की व्यवस्था न होने के चलते नमूने सैफई मेडिकल कॉलेज भेजे जाते थे। बृहस्पतिवार को भेजे गए नमूने सैफई मेडिकल कॉलेज से लौटा दिए गए थे। इसके बाद जांच लखनऊ के स्वास्थ्य भवन स्थित लैब में कराई जाने लगी। इसमें दो दिन का समय लग जाता था, जिससे मरीजों को समय से इलाज नहीं मिल पा रहा था।
जिला अस्पताल में डेंगू जांच की व्यवस्था हो गई। शासन से एलाइजा टेस्ट किट प्राप्त हो गई हैं। अब जिले में ही डेंगू की जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. एके पांडेय,सीएमओ।