वृंदावन परिक्रमा मार्ग में जल निगम ने की खोदाई
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन। एक साल पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता पर तैयार किए गए पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग को जल निगम ने सुदामा कुटी के निकट खोद दिया। इससे दो स्थानों पर बिजली की केबल कट गईं, जिसे लेकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद की निर्माण एजेंसी के सहायक अभियंता ने विरोध जताया। खोदाई के लिए अनुमति भी न लिए जाने पर नाराजगी जाहिर की।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के आधार पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने वृंदावन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण किया है। कच्ची परिक्रमा के साथ संपूर्ण मार्ग में लाइट लगाई हैं। अधिकांश स्थानों पर बिजली की लाइन अंडरग्राउंड की हैं। सुदामा कुटी के निकट मंगलवार को परिक्रमा मार्ग को जल निगम ने सीवर लाइन के लिए खोद दिया। इसकी अनुमति भी नहीं ली गई।
इससे जल निगम द्वारा की गई खोदाई से परिक्रमा मार्ग में बिजली की अंडरग्राउंड केबलें कट गईं। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता राजीव माहेश्वरी ने इस स्थिति के लिए जल निगम के अवर अभियंता नितेश वर्मा से नाराजगी जाहिर की। इसकी शिकायत सहायक अभियंता ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ को दी है।