कासगंज। पटियाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार कर लिए। हालांकि एक आरोपी फायरिंग कर भागने में सफल रहा। आरोपियों ने पूछताछ में लूट की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस को आरोपियों को पास से दो तमंचे, 10 कारतूस, दो चोरी की बाइक , दो मोबाइल और कुछ नकदी बरामद की।
एसपी सुशील घुले ने बताया कि सूचना पर रविवार रात पटियाली पुलिस और सिढ़पुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से रम्पुरा नहर की पुलिया की घेराबंदी की। खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए गोविंद निवासी जैथरा, एटा और इसी क्षेत्र के गांव छोटी जरारी निवासी सहदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बदमाश विनय उर्फ बिन्नी भागने में सफल हो गए। पूछताछ में गोविंद ने डेढ़ माह पहले अपने साथी विनय, बबलू, लोकेंद्र के साथ मिलकर पटियाली डाकघर में लूट और नवंबर में सहदेव के साथ मिलकर जैथरा रोड पर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कुबूल की। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में गोविंद पर विभिन्न जिलों में पांच और सहदेव पर 15 मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी के आरोप में जेल में हैं दो बदमाश
कासगंज। डाकघर पटियाली में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश बबलू, लोकेंद्र कायमगंज जेल में बंद हैं। बबलू और लोकेंद्र चोरी के आरोप में दस दिन पहले ही हिरासत में लिए गए थे। दोनों कायमगंज जेल में बंद हैं। अब पुलिस लूटकांड के संबंध में दोनों बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
- गिरफ्तार किए गए दोनों लुटेरों ने अपना जुर्म स्वीकारा है। मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरा भाग गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
- सुशील घुले, एसपी।