बेवर। डेढ़ साल पहले लापता हुआ डेयरी संचालक रविवार की शाम अचानक घर पहुंच गया। डेयरी संचालक को सामने देख परिवार के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
थाना क्षेत्र के गांव घुटारा मासूमपुर निवासी मिलाप सिंह 18 फरवरी 2019 को गांव से अपनी बाइक की सर्विस कराने के लिए बेवर बाजार गए थे। रास्ते से वह लापता हो गए। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की, पता नहीं चलने पर उनके पुत्र अरुण कुमार ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में अपहरण की आशंका में पुलिस ने मामले को तरमीम करके जांच शुरू कर दी।
रविवार की शाम अचानक मिलाप सिंह अपने गांव घुटारा पहुंच गए। मिलाप सिंह के घर आने की जानकारी होने पर गांव के लोग भी उनके घर पहुंच गए। मिलाप सिंह ने बताया उनकी मानसिक स्थित ठीक नहीं थी। वह मेरठ क्षेत्र के मोदीनगर में एक डेयरी संचालक के यहां रुके रहे। तबियत ठीक होने पर वह अपने घर आए हैं।
पुलिस करेगी पूछताछ
डेयरी संचालक के वापस लौटने से घर में खुशी का माहौल है वहीं पुलिस उसके लापता होने और वापस लौटने तक की सच्चाई जानने की तैयारी में जुट गई है। थानाध्यक्ष बेवर जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि डेयरी संचालक से जल्द ही पूछताछ की जाएगी कि आखिर वह कहां गए थे। परिवार से उन्होंने इतने दिनों तक संपर्क क्यों नहीं किया।