साइबर अपराधियों ने आरटीओ चालान एपीके फाइल के नाम से मैसेज भेजकर ठगी का नया तरीका निकाल लिया है। अपराधी आरटीओ के चालान का झांसा देकर मोबाइल हैक कर खातों से रकम पार कर रहे हैं। संजय प्लेस के व्यापारी के साथ इसी तरह खाते से 1.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस खातों की जानकारी जुटा रही है। लोगों को व्हाट्सएप पर आने वाली इस तरह की फाइल से सचेत रहने की सलाह भी दी जा रही है।
संजय प्लेस के व्यापारी के पास दो दिन पहले मोबाइल पर एक मैसेज आया। इसमें आरटीओ चालान लिखा था। यह देखकर व्यापारी का लगा कि आरटीओ ने वाहन का चालान कर दिया है। इस पर उन्होंने डाउनलोड करने के लिए फाइल पर क्लिक किया। इससे मोबाइल हैंग हो गया। मोबाइल की मदद से वह ऑनलाइन खाता भी संचालित करते हैं। काफी देर तक मोबाइल हैक रहा। बाद में उन्हें पता चला कि खाते से नेटबैंकिंग की गई। इसके बाद चार बार में 1.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। दो बार 50-50 हजार, तीसरी बार 40 और चाैथी बार में 10 हजार रुपये निकाले गए। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
खाते से रकम कटने पर 1930 पर करें काॅल
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी पहले मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर व्हाट्सएप हैक कर लेते थे। इसके माध्यम से लोगों को मैसेज भेजे जाते थे। रकम की मांग की जाती थी। कई बार परिचित और मित्र मदद कर देते थे। मगर, अब एपीके फाइल के माध्यम से ठगने का नया तरीका निकाला गया है। साइबर अपराधी आरटीओ चालान के नाम से फाइल भेज रहे हैं। इस पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो रहा है। इसलिए सावधान रहने की जरूरत है। इस तरह की फाइल को डाउनलोड नहीं करना चाहिए। इसे तुरंत डिलीट कर दें। अगर किसी तरह की ठगी और रकम कट जाती है तो हेल्पलाइन 1930 पर काॅल करें। अपने संबंधित थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराएं।
क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर 1.50 लाख निकाले
एत्मादपुर निवासी यशपाल ने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में व्हाट्सएप काॅल आया। काॅल करने वाले ने कहा कि एसबीआई क्रेडिट कार्ड से बोल रहा है। आप क्रेडिट कार्ड चलाते हो। इसके लिए हर महीने 2 से 3 हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं। अगर, क्रेडिट कार्ड बंद करा देंगे तो खाते से रकम नहीं कटेगी। यशपाल तैयार हो गए। जिस नंबर से काॅल आया, उस पर एसबीआई क्रेडिट कार्ड लिखी हुई डीपी लगी थी। इस पर विश्वास कर लिया। उसने एक लिंक भेजा। उस पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। खाते से 1.52 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।