आगरा में साइबर अपराधियों ने अडानी ग्रुप के सीएनजी पंप और इंडियन ऑयल की एलपीजी डीलरशिप दिलाने के नाम पर करीब 4 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इसके लिए सोशल मीडिया पर विज्ञापन दिया। सिकंदरा की हाइडिल कालोनी के दो लोग ठगे गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाइडिल कॉलोनी, सिकंदरा निवासी पंकज चौधरी और उनकी चाची गायत्री के साथ धोखाधड़ी हुई। पंकज ने पुलिस को बताया कि जून में सोशल मीडिया पर उन्होंने अडानी सीएनजी पंप और इंडियन ऑयल की गैस एजेंसी की डीलरशिप लेने के लिए विज्ञापन देखा था। नंबर और ईमेल आईडी भी लिखी थी। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने ईमेल के माध्यम से कंपनी से संपर्क करने की कोशिश की। एक व्यक्ति ने उनसे बात की। खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। इसके बाद कहा कि डीलरशिप लेने के लिए पूर्व पेमेंट देना होगा।
सीएनजी पंप के लिए तीन बार में गायत्री से रकम ली गई। पहली बार 22 जून को 52,600 रुपये और दूसरी बार 27 जून को 2.75 लाख रुपये गुजरात की एक बैंक खाते, जबकि तीसरी बार आठ जुलाई को 52,600 रुपये गुजरात की एक्सिस बैंक के खाते में जमा कराए गए। वहीं पंकज चौधरी से इंडियन ऑयल कंपनी की डीलरशिप के लिए 21,500 रुपये ले लिए गए। इसके बावजूद रकम मांगे जाने पर उन्हें शक हो गया। इस पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। थाना सिकंदरा पुलिस का कहना है कि धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - Chandra Grahan 2022: चंद्र ग्रहण की वजह से सिर्फ दो घंटे हो सकेंगे बांके बिहारी के दर्शन, जानें समय
सावधान रहने की जरूरत
साइबर सेल के मुताबिक, सोशल मीडिया पर आने वाले विज्ञापन पर सोच समझकर ही विश्वास करना चाहिए। अगर, कोई इनाम, एजेंसी, डीलरशिप दिलाने की बात कर रहा है और रुपयों की मांग करता है तो झांसे में नहीं आना चाहिए। साइबर अपराधी फर्जी ईमेल आईडी बनाकर लोगों को ठगते हैं। इसके बाद खातों में रकम जमा कराकर मोबाइल बंद कर लेते हैं या फिर धमकाकर शांत करा देते हैं।